झातला। ग्राम पंचायत झातला में आबादी क्षेत्र के बीच स्थित राजस्व तालाब की कथित रूप से अत्यधिक गहरी खुदाई किए जाने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब से हजारों ट्रॉली मिट्टी निकाली जा चुकी है, जिसके कारण तालाब असामान्य रूप से गहरा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार यह तालाब मुख्य सड़क के किनारे स्थित है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीरों, बच्चों और वाहनों का आवागमन रहता है। साथ ही आसपास के पशु भी इसी तालाब पर पानी पीने आते हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के उचित इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, तालाब की खुदाई के संबंध में आवश्यक जानकारी सार्वजनिक की जाए तथा दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
सिंगोली से ख्वाजा हुसैन मेवाती की रिपोर्ट


