*रामपुरा, नीमच।* अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर रामपुरा नगर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जैसे ही श्री गणपति बाप्पा की विसर्जन यात्रा शुरू हुई, पूरा नगर "गणपति बाप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया" के जयघोषों से गूंज उठा।

 

नगर के सभी पंडालों से सजे-धजे गणपति बाप्पा बैंड-बाजे और डीजे की थाप पर नाचते-गाते श्रद्धालुओं के साथ जगदीश मंदिर प्रांगण से रवाना हुए। यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई लालबाग पहुंची, जहां का नजारा देखते ही बन रहा था।

 

*विधायक ने किया अखाड़ा उस्तादों का सम्मान:*

इस भव्य आयोजन में क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू भी शामिल हुए। उन्होंने पूरी शोभायात्रा का आनंद लिया और लालबाग में अखाड़ों के उस्तादों का साफा व श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। विधायक के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

 

*लालबाग में दिखा अद्भुत संगम:*

लालबाग में रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने आसमान को रोशन कर दिया, वहीं स्थानीय अखाड़ों के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाकर हजारों दर्शकों का दिल जीत लिया। ढोल-ताशों की गूंज और भक्तों के उत्साह ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया।

 

इसके बाद देर रात बप्पा की सवारी नानीचोटी स्थित बड़ा तालाब पहुंची। यहां महाआरती के बाद भक्तों ने भावुक मन से, आंखों में आंसू लिए भगवान गणेश का विसर्जन किया।

 

विसर्जन के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई, जिसके बाद सभी अपने-अपने घरों को रवाना हो गए। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन की व्यवस्था चाक-चौबंद रही।