भानपुरा (मंदसौर): नशा मुक्ति अभियान के तहत भानपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 किलोग्राम 82 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके पति को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
12 सितंबर को भानपुरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने दुधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास बायपास तिराहे पर घेराबंदी की। जांच के दौरान नीमच जिले के रामपुरा थाना अंतर्गत ग्राम भदाना के रहने वाले सत्यनारायण मीणा (42) और उसकी पत्नी राधाबाई (38) को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 6.082 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जब्त माल और आरोपियों के खिलाफ धारा 8/18 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) रामसनेही मिश्रा और एसडीओपी (गरोठ) विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी (उप निरीक्षक) विनय बुंदेला और भानपुरा पुलिस टीम द्वारा की गई।


