*रामपुरा, नीमच।* रामपुरा थाना क्षेत्र के हरिपुरा फंटा - रामपुरा-नीमच मार्ग पर शुक्रवार को एक हृदय विदारक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की असामयिक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान *रोड़ीलाल पिता राधेश्याम, आयु 25 वर्ष, निवासी लोढ़ीखेड़ा, तहसील मल्हारगढ़* के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, रोड़ीलाल अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी ससुराल ग्राम नाली, तहसील रामपुरा जा रहा था। इसी दौरान हरिपुरा फंटा के समीप तेज गति से आ रहे एक तूफान वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों को तत्काल रामपुरा शासकीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत रोड़ीलाल को मृत घोषित कर दिया।

अन्य दो घायलों की स्थिति नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के पश्चात उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया है।

सूचना प्राप्त होते ही रामपुरा पुलिस अस्पताल पहुंची, मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया। मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस फरार तूफान वाहन की तलाश कर रही है।