नीमच, 27 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को नीमच स्थित फिल्टर प्लांट का निरीक्षण कर पेयजल व्यवस्था एवं जल शुद्धिकरण प्रक्रिया का जायजा लिया।
कलेक्टर ने फिल्टर प्लांट में पानी के शोधन की प्रक्रिया, मशीनरी की कार्यप्रणाली तथा प्लांट से होने वाली जलापूर्ति व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्लांट की क्षमता, जल शोधन प्रक्रिया, प्रतिदिन होने वाली जलापूर्ति एवं आवश्यक रखरखाव के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर ने पानी की शुद्धता एवं क्लोरीन की जांच की तथा पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निर्धारित मापदंडों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए तथा क्लोरीन की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने फिल्टर प्लांट की मशीनरी एवं उपकरणों का नियमित रखरखाव करने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्लांट परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी करने को कहा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्री पराग जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया एवं केमिस्ट लैब इंचार्ज श्री सुरेश पवार उपस्थित रहे।


