रामपुरा/नीमच

:15अगस्त, नीमच जिले के रामपुरा नगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रातःकाल से ही नगर की शासकीय संस्थाओं, विद्यालयों एवं नगर परिषद कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी गई तथा राष्ट्रगान का आयोजन हुआ।

तत्पश्चात बाल उद्यान परिसर मैं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एकत्रित हुए। यहां से बैंड-बाजों के साथ भव्य प्रभात फेरी एवं चल समारोह प्रारंभ हुआ। हाथों में तिरंगा लिए नन्हे-मुन्ने बच्चे देशभक्ति के नारों और गीतों से वातावरण को गुंजायमान करते हुए चल रहे थे। चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ बस स्टैंड स्थित दशहरा मैदान पहुंचा।

दशहरा मैदान में नगर की प्रथम नागरिक श्रीमती सीमा जितेंद्र जागीरदार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। पुलिस विभाग द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया।

समारोह के दौरान नगर के गौरव एवं शहीद बद्री प्रसाद की धर्मपत्नी कारीबाई राय का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां दी गई, जिसने जवाहर नवोदय विद्यालय द्वारा स्वच्छता अभियान पर आधारित दी गई प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम के अंत में नगर परिषद द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही नगर परिषद की ओर से सभी विद्यालयों के छात्र छात्राओं के लिए मिठाई की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम का सफल संचालन अजय विश्वास जोशी एवं अमिताभ उच्छाना द्वारा किया गया, आभार प्रदर्शन मुख्य नगर पालिका अधिकारी नंदलाल प्रजापत ने किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यालयों के छात्र छात्राएं, शिक्षक शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, थाना प्रभारी, तहसीलदार, नगर के गणमान्य नागरिक, पत्रकार बंधु विभिन्न विभागों के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।