रामपुरा/नीमच: जिला नीमच अंतर्गत रामपुरा नगर में लंबे समय से लंबित पत्रकार भवन की मांग को लेकर सोमवार को रामपुरा प्रेस क्लब के बैनर तले सभी पत्रकार एकजुट हुए। पत्रकारों ने बस स्टैंड स्थित बालाजी मंदिर परिसर में एकत्रित होकर पत्रकार हितों के समर्थन में रैली निकाली। इसके उपरांत एक वाहन रैली के रूप में नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र जागीरदार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) नंदलाल प्रजापत को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में क्या है मांग?
पत्रकारों ने ज्ञापन के माध्यम से नगर परिषद के स्वामित्व वाले भवन में पत्रकार भवन हेतु एक कक्ष उपलब्ध कराने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लंबे समय से पत्रकारों के लिए बैठक, प्रेस कॉन्फ्रेंस, सामाजिक गतिविधियों एवं जनहित से जुड़े कार्यों के सुचारू संचालन हेतु एक स्थायी स्थान (पत्रकार भवन) की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
अधिकारियों का आश्वासन:
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र जागीरदार और मुख्य नगर पालिका अधिकारी नंदलाल प्रजापत ने पत्रकार प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पत्रकारों की इस वर्षों पुरानी जायज मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए जल्द ही एक कक्ष का आवंटन किया जाएगा।
पत्रकारों ने जताया आभार:
आश्वासन मिलने के बाद पत्रकारों ने दोनों जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया। साथ ही उम्मीद जताई कि शीघ्र ही पत्रकार भवन का सपना साकार होगा।
ये रहे उपस्थित:
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष कैलाश फरक्या, रियाज मंसूरी, रूपेश सारु, अजय सिंह सिसोदिया, अजय दानगड़, हरीश कोठारी, महेंद्र जैन, प्रवीण चौधरी, शंकर भाटी, वि.के. (बंटी) राठौर, पंकज प्रजापति, पदम भारद्वाज, कमलेश मालवीय, मुकेश राठौर, अक्षय भट्ट, रमेश रायकुंवर, महावीर चौधरी, अजीमुल्ला खान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकार उपस्थित रहे।


