रामपुरा/नीमच: ब्लॉक मंडलम कांग्रेस कमेटी रामपुरा के तत्वावधान में बड़े तालाब क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध चौमुखी महादेव मंदिर परिसर में सोमवार शाम 4 बजे एक भव्य स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के युवा नेता सोमिल नाहटा उपस्थित रहे।
समारोह के प्रारंभ में सोमिल नाहटा ने चौमुखी महादेव मंदिर में विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का अभिषेक और आरती कर देश में अमन, चैन और शांति की कामना की।
अभिषेक के पश्चात आयोजित मुख्य समारोह में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं मंडलम पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि सोमिल नाहटा का पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत-अभिनंदन किया। इसके जवाब में श्री नाहटा ने भी कार्यक्रम में पधारे नगर व क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं, युवा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का माला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने जंतर-मंतर पर लोकतंत्र, संविधान और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के विषय में अपने विचार रखे। साथ ही आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक रणनीति और विचारों का आदान-प्रदान किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ईश्वर मजावदिया, मंडलम अध्यक्ष सुनील गौड़, मुबारिक मंसूरी, अभिषेक करेल, मनमौजी मजावदिया, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजू गरासिया, सौरभ नाहटा, प्रवीण चौधरी, संदीप सोनी, सोमिल सोनी सहित नगर के गणमान्य नागरिक, व्यापारी वर्ग और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में स्नेह भोज कार्यक्रम भी रखा गया।


