रामपुरा/नीमच: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस मंडलम कमेटी रामपुरा के तत्वाधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, नई दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ हुई अभद्रता के विरोध में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। 
प्रदर्शन की शुरुआत रामपुरा बस स्टैंड से हुई, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। इस दौरान पुतला दहन को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमा झटकी देखने को मिली , जिसके चलते कुछ देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।
पश्चात इसके आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड से तहसील कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील कार्यालय का घेराव किया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज करवाया। ज्ञापन में गत दिनों नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ सहित नई दिल्ली जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों, युवाओं एवं कांग्रेस नेताओं पर पुलिस कार्रवाई तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांगे मुख्य रहीं।
उक्त मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ईश्वर मजावदिया, मंडलम अध्यक्ष सुनील गौड़, मुबारिक मंसूरी, अभिषेक करेल, मनमौजी मजावदिया, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजू गरासिया, संदीप सोनी, सोमिल सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।