कुकडेश्वर/नीमच: 19जुलाई, अवैध शराब के निर्माण पर लगाम लगाने के लिए कुकडेश्वर पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम तलाऊ क्षेत्र में छापा मारकर नाले के पास छिपाकर रखे गए करीब 600 लीटर महुआ लहान को बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।

पुलिस को मिली सूचना अनुसार ग्राम तलाऊ क्षेत्र में डेरे पास जंगल झाड़ियों में प्लास्टिक के ड्रमों में रखे महुआ लहान पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। 

तलाशी के दौरान पुलिस ने नाले के किनारे रखे ड्रमों से लगभग 600 लीटर लहान बरामद किया। अनुमान है कि, इससे हजारों लीटर अवैध शराब बनाई जानी थी।

पुलिस ने पर्यावरण और आसपास के लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया। दबिश के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए।

उक्त मामले में कुकडेश्वर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब लहान के मालिकों और अवैध शराब बनाने वाले नेटवर्क की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी में जुटी है।

 आम जनता से पुलिस की अपील हैं कि, यदि उन्हें अवैध शराब बनने या बिकने की कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।