नीमच/ रामपुरा
अफीम की तस्करी करते एक यूट्यूबर और उसकी महिला साथी को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर आरोपियों के कब्जे से करीब 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 70 लाख रुपए आंकी गई,
गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के जिला नीमच के ग्राम बरलाई निवासी ईश्वर लाल पाटीदार के रूप में हुई, जबकि उसकी साथी सोना प्रजापति राजसेन की रहने वाली है। दोनों मध्य प्रदेश से अफीम लाकर हरियाणा के फतेहाबाद और सिरसा में सप्लाई करते थे।
एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि CIA रतिया की टीम NH-9 स्थित धांगड़ पुल के पास गश्त कर रही थी, तभी सूचना मिली कि आरोपी कार में नशीला पदार्थ लेकर आ रहे हैं। पुलिस ने नाकाबंदी कर DL-3CBA-2461 नंबर की होंडा सिटी कार को रोक कर तलाशी ली, जिसमें अफीम बरामद हुई।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस चेकिंग से बचने के लिए कार के आगे-पीछे न्यूज पेपर का फर्जी स्टिकर लगा रखा था। इसके अलावा मुख्य आरोपी सोशल मीडिया पर सक्रिय था और अपने यूट्यूब चैनल के जरिए लोगों से संपर्क बनाता था।
पुलिस को आरोपी के पास से चार अलग-अलग प्रेस आईडी कार्ड भी मिले हैं, जिन पर अलग-अलग फोटो लगी हैं, लेकिन नाम एक ही है। आरोपी के खिलाफ पहले भी पंजाब के भठिंडा में एनडीपीएस एक्ट के तहत 2012 में केस दर्ज हुआ था, जिसमे आरोपी 5 वर्ष बाद 2017 में बारी हुआ था ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर फतेहाबाद में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उन्हें रिमांड पर लेकर नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जांच की जा रही है।



