**सीतामऊ: भीषण आग में 'उदिया सेठ' की 3 दुकानें खाक, करोड़ों का नुकसान; व्यापारियों में भारी आक्रोश**

**सीतामऊ (मंदसौर):** स्थानीय बस स्टैंड स्थित 'उदिया सेठ' के किराना स्टोर में रविवार रात्रि में  भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में उदिया किराना स्टोर की तीन दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं, जबकि आसपास की 3 से 4 अन्य दुकानों को भी भारी क्षति पहुँची है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में व्यापारियों को एक करोड़ रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की विद्युत सप्लाई बंद कर दी गई। प्रशासन और फायर ब्रिगेड के पहुँचने से पहले स्थानीय लोगों और करीब 6 निजी पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। बचाव कार्य के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से नजदीकी दुकानों का सामान भी आनन-फानन में खाली करवाया गया। बाद में मंदसौर, सुवासरा, नगरी और अन्य नगर परिषदों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। स्थानीय टैंकरों और फायर ब्रिगेड के संयुक्त प्रयासों के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक उदिया सेठ की दुकानें पूरी तरह स्वाहा हो चुकी थीं। इस घटना ने नगर परिषद की तैयारियों की पोल खोल दी है। सीतामऊ जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में स्वयं की फायर ब्रिगेड न होने के कारण व्यापारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि यदि स्थानीय स्तर पर पुख्ता इंतजाम होते, तो नुकसान को कम किया जा सकता था। नगर परिषद की इस लापरवाही के विरोध में व्यापारी वर्ग ने लामबंद होना शुरू कर दिया है। स्थानीय सोशल मीडिया ग्रुप्स के माध्यम से सूचना साझा की जा रही है कि सोमवार को विरोध स्वरूप सीतामऊ नगर स्वैच्छिक रूप से बंद रहेगा।