*रामपुरा, नीमच*  

*अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज, माफियाओं में हड़कंप*  

*आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी*

अवैध शराब के निर्माण पर लगाम लगाने के लिए रामपुरा पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भादाना क्षेत्र में छापा मारकर नाले के पास छिपाकर रखे गए करीब 500 लीटर महुआ लाहन को बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।

 *नाले के किनारे ड्रमों में छिपाया था लाहन* 

पुलिस को सूचना मिली थी कि भादाना नाले के पास जंगल-झाड़ियों में प्लास्टिक के ड्रमों में महुआ लाहन रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। 

तलाशी के दौरान पुलिस ने नाले के किनारे रखे ड्रमों से लगभग 500 लीटर लाहन बरामद किया। अनुमान है कि इससे हजारों लीटर अवैध शराब बनाई जानी थी।

मौके पर नष्ट, आरोपी फरार

पुलिस ने पर्यावरण और आसपास के लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। दबिश के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए।

 *आबकारी एक्ट में केस दर्ज*

इस मामले में रामपुरा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब लाहन के मालिकों और अवैध शराब बनाने वाले नेटवर्क की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी में जुटी है।

*पुलिस की दो-टूक चेतावनी*

थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि उन्हें अवैध शराब बनने या बिकने की कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।