रामपुरा/नीमच, 8 जून 2026 सोमवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में सोमवार को रामपुरा स्थित गांधी सागर जलाशय के किनारे बाढ़ राहत एवं आपदा प्रबंधन मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश की उपस्थिति में एसडीआरएफ नीमच की टीम द्वारा आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का सजीव प्रदर्शन किया गया।
मॉकड्रिल के दौरान होमगार्ड विभाग द्वारा बाढ़ एवं आपदा राहत सामग्री की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें ग्रामीणों को घरेलू संसाधनों जैसे मटके, पानी के केन, टीन के डिब्बे तथा प्लास्टिक बोतलों से बनाए जाने वाले बचाव उपकरणों की जानकारी दी गई।
अपर कलेक्टर कलेश ने उपस्थित नागरिकों को आपदा प्रबंधन पुस्तिका का वितरण की तथा अधिकारियों के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। होमगार्ड कमांडेंट युवराज सिंह एवं पुष्पा पंवार ने आपदा प्रबंधन उपकरणों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।
एसडीआरएफ टीम द्वारा जलाशय में नाव डूबने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तथा घायलों को प्राथमिक उपचार देने का डेमो भी प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर उपस्थित ग्रामीणों एवं अधिकारियों ने सराहना की।
इस अवसर पर एसडीएम किरण आंजना, तहसीलदार मुकेश निगम, मृगेन्द्र सिसोदिया, जनपद सीईओ आरिफ खान नगर परिषद रामपुरा सीएमओ सूर्यवंशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, कोटवार, सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।