नीमच जिले के मनासा जनपद के गांव बरलाई क्षेत्र में जल संसाधन विभाग की सिंचाई पाइपलाइन योजना अब किसानों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। किसानों का आरोप है कि वी टी एल कंपनी, जो गुप्ता कंपनी से संबंधित बताई जा रही है, द्वारा पाइपलाइन कार्य के दौरान किसानों के खेतों में लापरवाहीपूर्वक खुदाई कर भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

किसान रामदयाल पाटीदार ने बताया कि उनके खेत में पाइपलाइन डालने के दौरान वाटर पंप तोड़ दिया गया, बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त कर दी गई तथा खेत की स्थिति पूरी तरह बिगाड़ दी गई। किसानों के अनुसार लगभग 40 से 50 हजार रुपए तक का नुकसान हुआ है। कार्य पूरा होने के बाद भी खेतों की लेवलिंग नहीं की जा रही, जिससे किसानों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का उचित मुआवजा जल्द दिलाया जाए तथा संबंधित कंपनी और ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य किसान को इस प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।